शाजापुर। थाना शुजालपुर मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सीहोर निवासी धर्मेंद्र पिता रमेश चंद्र शर्मा (उम्र 27 वर्ष) की 8 फरवरी 2026 को हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने जांच के बाद चिराग निवासी देव नगर कॉलोनी सीहोर और बादल पिता रूप सिंह लोधी निवासी जहांगीरपुर, सीहोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
घटना में धर्मेंद्र का आधा जला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शुजालपुर मंडी पुलिस ने लगातार दबिश देकर मुख्य आरोपी चिराग को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी बादल अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल किया है। आरोपी ने बताया कि उसने पहले गला रेतकर और चाकू मारकर धर्मेंद्र की हत्या की, उसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की थी।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की आगे की जांच जारी है।