राजगढ़। जिले के खिलचीपुर स्थित गोविंद धाम कॉलोनी के खाटू श्याम बाबा मंदिर में गुरुवार को एकादशी पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया।
बाबा को गुलाब के फूलों, सुगंधित इत्र और आकर्षक मालाओं से सजाया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। परिवारों के साथ आए भक्तों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में श्याम भजनों की मधुर धुनें गूंजती रहीं, जिससे भक्तिमय माहौल बना रहा।
26 मई को की गई थी प्राण-प्रतिष्ठा
यह उल्लेखनीय है कि गोविंद धाम कॉलोनी में बने इस मंदिर में बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा 26 मई को की गई थी। प्रतिमा को जयपुर में तैयार कराया गया था और खाटूधाम में धार्मिक परंपराएं पूरी करने के बाद खिलचीपुर लाया गया था।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि स्थापना के बाद यह पहली एकादशी थी, जिसके कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। आने वाले समय में प्रत्येक एकादशी पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। यह मंदिर धीरे-धीरे खिलचीपुर और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।