देवास। टोंकखुर्द विकासखंड के ग्राम इकलेरामाताजी निवासी सुरेश कुमार पाटीदार ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अंतर्गत संचालित इस योजना के माध्यम से पशुआहार निर्माण इकाई स्थापित कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है।
सुरेश कुमार पाटीदार को इकाई स्थापना के लिए बैंक से 8 लाख 49 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। वहीं योजना के तहत उन्हें 3 लाख 30 हजार रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ। इस वित्तीय सहायता ने उनके व्यवसाय को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में उनकी प्रसंस्करण इकाई में प्रतिमाह लगभग 800 क्विंटल पशुआहार का उत्पादन किया जा रहा है। उत्पादन पर लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये मासिक व्यय आता है, जबकि उन्हें हर माह करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है।
इस इकाई की स्थापना से न केवल सुरेश पाटीदार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि उन्होंने छह अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है, जिससे उनके परिवारों की आजीविका में भी सुधार आया है।
सुरेश कुमार पाटीदार ने बताया कि पीएमएफएमई योजना से प्राप्त तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग ने उन्हें एक सफल उद्यमी के रूप में पहचान दिलाई है। योजना के माध्यम से उनका व्यवसाय लगातार प्रगति कर रहा है और वे अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।