खनियांधाना। पुलिस ने चोरी के मामले में तत्परता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी गए तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद कर दो आरोपियों और एक अपचारी बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार किया है। क्या था मामला बीती 23-24 मई 2026 की दरमियानी रात को ग्राम मुहारीकला निवासी फरियादी अरविन्द लोधी के सूने कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के कीमती जेवरात पार कर दिए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन तथा एसडीओपी प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर संदेही यशपाल लोधी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी सोनसिंह उर्फ सुल्ली लोधी और एक अपचारी बालक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका (जेवरात) बरामद कर लिया है। आरोपी सोनसिंह (29 वर्ष) और यशपाल (21 वर्ष) को खनियांधाना न्यायालय में पेश कर जेल वारंट मिलने पर उपजेल पिछोर दाखिल कराया गया है वहीं, 16 वर्षीय अपचारी बालक को किशोर न्यायालय शिवपुरी भेजा गया है।