नीमच/मंदसौर। मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा चिकित्सा अधिकारी (द्वितीय श्रेणी) के पदों पर नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत नीमच जिले को 10 तथा मंदसौर जिले को 15 नए चिकित्सा अधिकारी मिले हैं। इन चिकित्सकों की नियुक्ति जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में की गई है।
नई पदस्थापनाओं से दोनों जिलों के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे स्वास्थ्य केंद्रों को इससे राहत मिलेगी।
नीमच जिले में आंतरी, डीकेन, जावद, मनासा, रामपुरा, जीरन एवं सावन क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। वहीं मंदसौर जिले में शामगढ़, पिपलिया मंडी, कुचरोद, कंवला, सनाड़ा, मेलखेड़ा, सातखेड़ा, दीपाखेड़ा, बालागुड़ा, ओसरा एवं परसाली तीर्थ सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों को नए चिकित्सा अधिकारियों की सेवाएं प्राप्त होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार कई ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी महसूस की जा रही थी। नए चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति से मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध होगी तथा उच्च स्वास्थ्य संस्थानों पर रेफरल का दबाव भी कम होगा।
विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा और आमजन को समय पर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।