नीमच। शहर के जामा मस्जिद क्षेत्र में एक महिला से सोने के आभूषण ठगकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम खेताखेड़ा डोरिया निवासी बुलाकीबाई पति भागचंद ओढ़ ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि वह 6 जून को किसी कार्य से नीमच आई थीं। शाम करीब 6 बजे जामा मस्जिद क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले और बातचीत के बहाने अपने साथ ले गए।

आवेदन के अनुसार आरोपियों ने महिला को अपने प्रभाव में लेकर उसके पहने हुए सोने के आभूषण उतरवा लिए। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और आभूषण लेकर फरार हो गए।

पीड़िता ने बताया कि घटना की रिपोर्ट उसी दिन कैंट थाना पुलिस को दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सकती है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
