देवास। मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत किसानों एवं उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में बागली तहसील के ग्राम बरखेड़ासोमा निवासी स्वर्गीय मुकेश पिता मुकंद सोनगरा की खेत में कार्य के दौरान विद्युत करंट लगने से हुई मृत्यु के बाद उनकी पत्नी पार्वती को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश सोनगरा की खेत में कार्य करते समय करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद शासन की मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत पात्रता अनुसार उनकी पत्नी को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
यह योजना कृषक परिवारों को दुर्घटना या आकस्मिक परिस्थितियों में राहत एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के माध्यम से प्रभावित परिवारों को संकट की घड़ी में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
जिला प्रशासन के अनुसार राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद एवं पीड़ित परिवारों के लिए सहारा बन रही हैं। इन योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता मिल रही है, जिससे उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने में मदद मिलती है।