ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर आज (गुरुवार) उपनगर ग्वालियर के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से होने वाले विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। दिनभर के निर्धारित कार्यक्रमों के बाद वे आनंद नगर सी-ब्लॉक स्थित माता मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ऊर्जा मंत्री शाम 5 बजे वार्ड क्रमांक-32 के गांधी नगर पार्क में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। यहां वे लगभग 1 करोड़ 98 लाख रुपए की लागत से प्रस्तावित नई सीवर लाइन के संधारण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
इसके साथ ही 60 लाख 14 हजार रुपए की लागत से सड़क डामरीकरण, 81 लाख 12 हजार रुपए की लागत से गांधी नगर की विभिन्न गलियों के डामरीकरण, 3 लाख 82 हजार रुपए की लागत से नाली निर्माण कार्य, 13 लाख 16 हजार रुपए की लागत से वार्ड-32 के सभी पार्कों में नए उपकरणों की स्थापना तथा 12 लाख 56 हजार रुपए की लागत से सार्वजनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स के मरम्मत कार्य की आधारशिला भी रखेंगे।
इसके बाद ऊर्जा मंत्री शाम 6 बजे बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-3 स्थित शहीद सरमन सिंह पार्क पहुंचेंगे। यहां वे 23 लाख 60 हजार रुपए की लागत से पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। गुरुवार रात्रि में ऊर्जा मंत्री आनंद नगर सी-ब्लॉक स्थित माता मंदिर में विश्राम करेंगे।
वहीं, शुक्रवार 12 जून 2026 को सुबह 7 बजे वे माता मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देंगे।