रतलाम। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में गुरुवार को जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, यातायात डीएसपी आनंद सोनी, एसडीएम रतलाम ग्रामीण विवेक सोनकर, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनिता मुथा, उप संचालक सामाजिक न्याय संध्या शर्मा सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में नशामुक्ति अभियान के तहत नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए सतत कार्रवाई करने तथा उपचार के बाद नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महाविद्यालयों में संचालित ड्रग अवेयरनेस क्लबों की गतिविधियों को निरंतर जारी रखने और नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर जोर दिया गया।
समिति ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे निदान पोर्टल पर की गई कार्रवाई का विवरण नियमित रूप से दर्ज करें। इसके अलावा नशामुक्ति एवं एंटी ड्रग अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता संबंधी सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ड्रग माफियाओं के विरुद्ध लगातार एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।