भोपाल। मध्य प्रदेश के बीजेपी से राज्यसभा के तीनों उम्मीदवारों को आज ही जीत का सर्टिफिकेट देने की तैयारी है। निर्विरोध निर्वाचन होने पर नाम वापसी का समय निकलने के बाद जीत का सर्टिफिकेट देने का प्रावधान है। नाम वापसी के बाद रिटर्निंग अधिकारी को चुनावी प्रक्रिया पूर्ण करने का अधिकार है।
राज्यसभा चुनाव के लिए आज 11 जून दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी का समय है। मध्यप्रदेश में तीन सीट पर चुनाव होने हैं। लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद तीन सीट पर तीन नामांकन होने से निर्वाचन निर्विरोध हो गया है। निर्विरोध निर्वाचन होने पर नाम वापसी का समय निकलने के बाद जीत का सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
बीजेपी कार्यालय में स्वागत की तैयारी
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में नवागत सांसदों का स्वागत करने की तैयारी है। विधानसभा से नवागत सांसद बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नवागत सांसदों का स्वागत करेंगे। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट निर्वाचित होंगे। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन को फिलहाल राहत नहीं मिलने से यह स्थिति बनी है।
भाजपा की आपत्ति पर नामांकन निरस्त
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म खारिज कर दिया गया है। बीजेपी ने मीनाक्षी नटराजन पर आपराधिक प्रकरण छुपाने का आरोप लगाया था। भाजपा की आपत्ति पर स्क्रूटनी के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर ने नामांकन रद्द करने का फैसला लिया। जिसके बाद कांग्रेस ने मोर्चा खोला और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं मीनाक्षी नटराजन
वहीं कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने इसकी शिकायत दिल्ली में केंद्रीय चुनाव आयोग से की है। लेकिन यहां से भी मीनाक्षी को राहत नहीं मिली। सेंट्रल इलेक्शन कमीशन ने आपराधिक मामला छुपाने को आधार बनाया और नामांकन को निरस्त माना। इसके बाद मीनाक्षी नटराजन सुप्रीम कोर्ट की शरण में पहुंची हुई हैं।