नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में 17 फरवरी को पुलिस कंट्रोल रूम में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार यह शिविर लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं आमजन की शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निवारण के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
शिविर में लगभग 22 आवेदकों ने अपनी समस्याएं जैसे भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं आदि को प्रस्तुत किया। एसपी अंकित जायसवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना/चौकी प्रभारियों को त्वरित और विधिसंगत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतोषजनक निराकरण भी किया गया।
शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह तथा जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी एवं संबंधित शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।