नीमच। अपनी वर्षों से लंबित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत मध्यप्रदेश पटवारी संघ का आंदोलन अब तेज हो गया है। 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे जिलेभर के पटवारियों ने बुधवार को नीमच में एकजुट होकर विधायक दिलीप सिंह परिहार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन सौंपने से पहले जिले के सभी पटवारी मैसी फर्ग्यूसन शोरूम चौराहा स्थित नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। यहां आयोजित बैठक में पटवारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और शासन से जल्द निर्णय लेने की अपील की। इसके बाद पटवारी रैली के रूप में विधायक कार्यालय पहुंचे, जहां विधायक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
पटवारी संघ ने बताया कि मांगों को लेकर 15 जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया था। शासन स्तर पर अपेक्षित पहल नहीं होने के कारण आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई है।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कैडर रिव्यू लागू करने, पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ देने, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा शीघ्र आयोजित करने, जज प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करने, लंबित मानदेयों का भुगतान करने तथा स्थानांतरण नीति के विपरीत किए गए तबादलों को निरस्त करने सहित प्रमुख मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
पटवारी संघ का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और कई बार शासन के समक्ष रखने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।