दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव ने मंगलवार को अपने निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव परिणाम को विनम्रता से स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि जनता का जनादेश सर्वाेपरि है और वे उसका सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर, एसपी और पूरे जिला प्रशासन की सराहना की।
दामोदर यादव ने कहा कि इस चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी देखने को नहीं मिली और प्रशासन ने निष्पक्ष तरीके से पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी जीत के इरादे से मैदान में उतरी थी, लेकिन करीब 23 हजार मतदाताओं ने जिस विश्वास के साथ उनका साथ दिया, उसके लिए वे सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि भले ही वे विधायक नहीं बन सके, लेकिन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए विधायक से भी अधिक सक्रिय होकर दतिया में काम करेंगे। इन 23 हजार मतदाताओं के विश्वास का ऋण विकास और जनसेवा के माध्यम से चुकाने का प्रयास करेंगे।दामोदर यादव ने पार्टी के प्रदेश और जिला नेतृत्व सहित सभी कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। उन्होंने दावा किया कि सीमित संसाधनों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत से चुनाव लड़ा, जिससे पार्टी को मजबूत जनाधार मिला है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और राजेंद्र भारती पर भी राजनीतिक टिप्पणियां करते हुए चुनाव में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए। साथ ही कहा कि आजाद समाज पार्टी इस परिणाम को भविष्य की मजबूत राजनीतिक नींव मानती है और वे अगला विधानसभा चुनाव भी दतिया से ही लड़ेंगे।