नीमच। शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका परिषद नीमच की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को नगर पालिका ने भगवानपुरा चौराहा और मनासा नाका क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान चद्दर शेड, टीन शेड और अन्य अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया, वहीं मनासा नाके के पास यात्री प्रतीक्षालय के समीप बनाई गई टीन शेड की दुकान को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त किया गया।
नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन में एसडीएम पराग जैन, तहसीलदार संजय मालवीय और नपा अमले की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मनासा रोड स्थित डाक बंगले से पीजी कॉलेज तक सड़क के दोनों ओर दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। नगर पालिका अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों ने भी किया सहयोग-
अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका टीम को कई दुकानदारों का सहयोग मिला। कई व्यापारियों ने स्वयं अपनी दुकानों के बाहर लगाए गए टीन शेड और अन्य अस्थाई संरचनाएं हटा लीं। वहीं, बार-बार समझाइश के बावजूद सामान नहीं हटाने वाले दुकानदारों का सामान जब्त किया गया।
भगवानपुरा चौराहा और मनासा नाके पर हुई कार्रवाई
मंगलवार 4 अगस्त को नपा राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले, टेकचंद बुनकर, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, सहायक राजस्व निरीक्षक महावीर जैन, महेंद्र साहू, तेज प्रकाश चोपड़ा, अर्जुन राठौर, रवि भंडारी, योगेश टांकवाल, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, गैंग प्रभारी दीपक गौहर सहित नपा कर्मचारियों की टीम जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ कार्रवाई के लिए पहुंची।
टीम ने मनासा रोड डाक बंगले से कार्रवाई शुरू कर भगवानपुरा चौराहा, मनासा नाका होते हुए पीजी कॉलेज तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए। भगवानपुरा चौराहा क्षेत्र में दुकानों के बाहर लगाए गए चद्दर शेड और पक्के निर्माण हटाए गए, जबकि मनासा नाके पर यात्री प्रतीक्षालय के समीप बनाई गई टीन शेड की दुकान को जेसीबी से हटाया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें और भविष्य में सड़क एवं फुटपाथ पर कब्जा न करें। दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्ती, जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी।