चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लिमिटेड, निम्बाहेड़ा के नीव इनिशिएटिव के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘वंडर वृक्ष रथ’ का शुभारंभ किया गया। कंपनी के यूनिट हेड नितिन जैन ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर नितिन जैन ने बताया कि वर्ष 2026-27 के वृक्षारोपण महोत्सव के अंतर्गत कंपनी द्वारा परियोजना क्षेत्र के सभी गांवों एवं प्लांट परिसर में 25 हजार से अधिक पौधों के रोपण एवं वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का वितरण कर लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “वृक्ष ही जीवन का सार है, पेड़ लगाकर करें प्रकृति से प्यार” संदेश के साथ लोगों को पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।
वंडर सीमेंट लिमिटेड द्वारा परियोजना के प्रारंभ से ही प्लांट, माइंस, कॉलोनी क्षेत्र एवं आसपास के गांवों में प्रतिवर्ष वृक्षारोपण एवं संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से ग्राम पंचायत करूंडा, फलवा, फाचर अहिरान, लसड़ावन एवं बड़ोली माधोसिंह के राजकीय विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा कंपनी द्वारा विकसित वंडर सीमेंट पंचफल उद्यान, धनोरा, बड़ोली माधोसिंह एवं लसड़ावन सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा।
इसके साथ ही इच्छुक किसानों को खेतों में फलदार पौधों की बाड़ी विकसित करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से पौधों के वितरण के साथ-साथ परियोजना क्षेत्र के गांवों के प्रमुख मार्गों पर ट्री गार्ड सहित पौधारोपण एवं उनके नियमित रखरखाव का कार्य भी किया जा रहा है।
वंडर वृक्ष रथ के शुभारंभ कार्यक्रम में कंपनी के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।