संजीत। संजीत मगरा स्थित छोटी हुसैन टेकरी, जिसे चाबुक वाले बाबा की दरगाह के नाम से भी जाना जाता है, पर मंगलवार को मोहर्रम के चालीसवें दिन चेहल्लुम का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश एवं राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों जायरीन दरगाह पहुंचे और बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
सुबह से ही दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। परंपरा के अनुसार बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने अपनी मन्नत पूरी होने पर जलते अंगारों पर नंगे पांव चलकर आस्था प्रकट की। मान्यता है कि चाबुक वाले बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुराद अवश्य पूरी होती है। अंगारों पर चलने के बाद श्रद्धालुओं ने दरगाह पर चादर चढ़ाई और दुआएं मांगी।
चेहल्लुम के अवसर पर दरगाह परिसर में लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन धार्मिक नारों, कव्वालियों और दुआओं से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति के अनुसार शाम करीब 5 बजे चेहल्लुम का मुख्य कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ।
यह दरगाह लंबे समय से सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बनी हुई है। हर वर्ष चेहल्लुम के अवसर पर दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर अपनी आस्था व्यक्त करते हैं।
आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन एवं पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। स्थानीय कमेटी, प्रशासन और पुलिस के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।