मनासा। मनासा विधानसभा क्षेत्र में खेतों की फेंसिंग में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किए जाने के मामलों को लेकर भाजपा नेता दिनेश राठौर ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बिजली विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की लापरवाही से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है और आमजन व मवेशियों की जान जोखिम में पड़ रही है।
जारी बयान में राठौर ने कहा कि फसलों की सुरक्षा के नाम पर कुछ लोग खेतों की लोहे की फेंसिंग में सीधे बिजली प्रवाहित कर रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध और जानलेवा है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में मवेशियों के साथ-साथ राहगीरों और बच्चों की जान भी खतरे में रहती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर खेतों की फेंसिंग में करंट छोड़ने की अनुमति किसने दी है। राठौर ने कहा कि यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद बिजली वितरण कंपनी और संबंधित विभागों ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण ऐसे मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
राठौर ने प्रशासन से मांग की कि खेतों की फेंसिंग में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
नोट- यह समाचार भाजपा नेता दिनेश राठौर द्वारा जारी बयान और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों पर संबंधित बिजली विभाग अथवा प्रशासन की प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।