चित्तौड़गढ़। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर चित्तौड़गढ़ में लग्जरी एवं स्लीपर बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगिता पारीक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर बसों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बसों की लंबाई, स्लीपर की लंबाई, अग्निशमन यंत्र, कांच तोड़ने के लिए हैमर, आपातकालीन निकास, सीट क्षमता, वाहन फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 बसों के चालान काटे गए, जबकि 2 बसों को सीज किया गया।
संयुक्त निरीक्षण दल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज कुमार काबरा, यातायात पुलिस निरीक्षक मोतीराम, जिला परिवहन अधिकारी, परिवहन निरीक्षक हरिगोविंद गुर्जर एवं विक्रम भट्ट सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्मिक भी शामिल रहे।
प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं और बसों में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।