सेगांव। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के विकासखंड सेगांव में शुक्रवार को विकासखंड का सबसे भव्य भगोरिया पर्व साप्ताहिक हॉट बाजार में धूमधाम से मनाया गया। होली के रंग में रंगी इस पारंपरिक आदिवासी उत्सव में बड़ी संख्या में युवा-युवतियां 12 मांदल की तेज थाप पर नाच-गान कर थिरकती रहीं, जिससे पूरा बाजार उत्साह से गूंज उठा।
मांदल की गूंजती धुनों पर आदिवासी भाई-बहन पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर नाचे, जबकि आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण इस आयोजन के साक्षी बने। जनपद उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पाटीदार सहित ब्लॉक के विभिन्न सरपंचों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका अदा की। इस मौके पर स्थानीय संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली, जो भगोरिया के महत्व को रेखांकित करती है।