जीरन। सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से भारत सरकार के राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम के तहत नीमच जिले में शनिवार से एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों को निःशुल्क ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाई जा रही है, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी मानी जाती है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन में प्रातः 11 बजे ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. विजय भारती एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भाटी की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान फोफलिया क्षेत्र की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन के टीके लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विजय भारती एवं एडवोकेट लक्ष्मण सिंह भाटी ने भारत सरकार की मंशानुसार अधिक से अधिक किशोरियों तक टीकाकरण का लाभ पहुंचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। वैक्सीनेशन के बाद किशोरियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
चिकित्सा विभाग द्वारा टीकाकरण की पहुंच बढ़ाने के लिए शासकीय एवं निजी विद्यालयों से पात्र बालिकाओं का डाटा संग्रहित किया गया है, ताकि सभी को अभियान का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुई। इस अवसर पर के.एस. शक्तावत, सेक्टर सुपरवाइजर संजय लिम्बोदिया, वाजिद मंसूरी, अस्पताल एवं नर्सिंग स्टाफ, आशा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।