मंदसौर। शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखा साइलेंसर एवं मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए जब्त साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कराया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में बीते महीनों में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाली बुलेट व अन्य दोपहिया वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान ऐसे वाहनों के साइलेंसर खुलवाकर जब्त किए गए और संबंधित वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई भी की गई।
कार्रवाई के तहत कुल 48 वाहनों पर लगभग 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जब्त किए गए साइलेंसरों को अपील अवधि पूर्ण होने के बाद नष्ट किया गया।
सोमवार को पुलिस लाइन मंदसौर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर की उपस्थिति में 48 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।