नीमच। नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान 2.0 के तहत नीमच पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 705 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस एवं तस्करी में प्रयुक्त दो वाहनों को जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 22 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी तथा थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में चौकी कंजार्डा पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में वाहन से 705 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तस्करों द्वारा मुख्य वाहन की पायलटिंग एवं पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक मोटरसाइकिल का उपयोग किया जा रहा था, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी शीतल पिता प्रहलाद धाकड़ निवासी कंवरपुरा मोहननगर, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी। साथ ही इस अवैध तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों एवं गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की विवेचना जारी है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में चौकी कंजार्डा एवं थाना मनासा पुलिस की संयुक्त टीम ने उत्कृष्ट समन्वय, सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई का परिचय दिया।