नीमच। जयसिंहपुरा के नई आबादी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय विवादों में घिर गई, जब घटनाक्रम के दौरान एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान प्रेमबाई की झोपड़ी में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान नानूराम पिता अमरतराम जाटव को धमकाया गया।
बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद नानूराम बेहोशी की हालत में मिले। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया है और उन्होंने निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतक अपने पीछे एक बेटा और चार बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। परिजन अस्पताल पहुंचकर शव लेने के साथ धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण स्थल पर करीब 20 परिवार निवासरत थे, लेकिन कार्रवाई केवल दो लोगों पर ही की गई, जिससे नाराजगी बढ़ी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।