भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने प्रदेश में तापमान और बढ़ा दिया है, जिससे लोगों को तेज धूप और लू का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बने कि नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्टियां घोषित करनी पड़ीं।
नर्मदापुरम रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग ने भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम और सागर संभाग में लू का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। नर्मदापुरम में सबसे अधिक 43.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं खजुराहो में 43.4 डिग्री और नौगांव में 43 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया।
27 अप्रैल को राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के आखिरी दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। 27 अप्रैल को ग्वालियर-चंबल अंचल सहित कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसकी वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है।
रातें भी हो रहीं गर्म
प्रदेश में अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। भोपाल समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, श्वॉर्म नाइटश् वह स्थिति होती है जब रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक बना रहता है।