शाजापुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का सफलतापूर्वक समापन किया गया। अभियान के अंतिम दिवस विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर महिला थाना शाजापुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति, मानव तस्करी की रोकथाम एवं समाज में जागरूकता बढ़ाने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
अभियान के दौरान जिलेभर के स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक, मानसिक एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में जानकारी देकर नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, संवाद कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जनजागरूकता अभियान एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया।
समापन कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा नशामुक्ति एवं मानव तस्करी विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं नागरिकों को मानव तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों, बचाव के उपायों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और सुरक्षित समाज का निर्माण करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा मानव तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक सीमा मौर्य, महिला थाना प्रभारी आशा सोलंकी, थाना प्रभारी लालघाटी अर्जुन मुजालदे, कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला, सूबेदार दीपिका डाबर, उत्कृष्ट विद्यालय के एनसीसी प्रशिक्षक माखनलाल धानुक, निजी विद्यालय प्राचार्य दिलीप शर्मा, जानसाहस संस्था के संदीप अस्ताय, आरती सोलंकी, ज्योति सिंथिया, राहुल अटारिया, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी गायत्री विजयवर्गीय, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी नेहा चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।