नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सुदूर ग्राम कोज्या में आयोजित रात्रि चौपाल में पहुंचने के लिए करीब साढ़े तीन घंटे का बस सफर तय किया। चौपाल में उन्होंने जिला अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ बिछात पर बैठकर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
चौपाल के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। कलेक्टर ने विद्युत आधार अपडेट, उर्वरक वितरण, पशुपालन एवं सहकारी समिति से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु मई के प्रथम सप्ताह में कोज्या में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर टीबी मुक्त अभियान के तहत मरीजों को फूड बास्केट तथा बच्चों को न्यूट्री बास्केट (सुपोषण किट) वितरित की गईं। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने आयुष आरोग्य मंदिर परिसर में पौधरोपण किया तथा ग्रामीणों से जल गंगा संवर्धन अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
चौपाल में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश, एसडीएम प्रीति संघवी, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सरपंच प्रतिनिधियों ने साफा बांधकर कलेक्टर का स्वागत किया।
कलेक्टर ने रात्रि चौपाल के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए एक-एक कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। लगभग साढ़े तीन से चार घंटे चली इस चौपाल में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
चौपाल के पश्चात कलेक्टर ने अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ स्कूल प्रांगण में पंगत में बैठकर भोजन भी ग्रहण किया।