भौरासा नगर में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण जल्द ही किया जाएगा। सोनकच्छ के विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने आज निर्माणाधीन (अब पूर्ण) भवन का निरीक्षण किया।
यह स्वास्थ्य केंद्र लगभग एक वर्ष पहले भूमि पूजन के बाद तैयार हुआ है और अब लोकार्पण के लिए पूरी तरह से तैयार है। नए भवन के शुरू होने से भौरासा सहित आसपास के करीब 40 से 50 गांवों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक सोनकर ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि नए स्वास्थ्य केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही लोगों की मांग को देखते हुए यहां 24 घंटे डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी कोशिश की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में संचालित स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और दवाइयों की कमी जैसी समस्याएं सामने आती रही हैं, जिन्हें जल्द दूर किया जाएगा।
इस दौरान विधायक ने पुराने स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया और डॉक्टरों व संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत और सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनिल चावड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष संजय जोशी, उपाध्यक्ष जय सिंह राणा, जनप्रतिनिधि, डॉक्टर, रोगी कल्याण समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।