नीमच। गुरुवार व शुक्रवार की रात एवं सुबह हुई बारिश के बाद शुक्रवार को नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शहर का भ्रमण कर विभिन्न नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राइवेट बस स्टैंड पर चल रहे नाला सफाई अभियान का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ बामनिया ने ग्वालटोली स्थित स्पेंटा पेट्रोल पंप के पास वाले नाले, निरोग धाम के पास वाले नाले, बारादरी क्षेत्र के नाले तथा प्राइवेट बस स्टैंड स्थित नाले का निरीक्षण किया। स्पेंटा पेट्रोल पंप के पास वाले नाले की स्थिति को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही जेसीबी बुलवाकर सफाई कार्य करवाया।
उन्होंने प्राइवेट बस स्टैंड पर चल रहे नाला सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया तथा कार्य में गति लाने और बारिश पूर्व जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ बामनिया ने नागरिकों से अपील की कि नालों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें, अन्यथा जलभराव की स्थिति में नगर पालिका द्वारा जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकर्ता की होगी।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण शाखा के अब्दुल नईम, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, अविनाश घेघट, गोपाल नरवाले तथा गैंग प्रभारी दीपक गौहर एवं आकाश सोदे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।