नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की पीआईसी (परियोजना एवं कार्यकारिणी समिति) की बैठक शुक्रवार, 5 जून को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया की उपस्थिति में नगर पालिका कार्यालय स्थित अध्यक्ष कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित पीआईसी सदस्यों ने एजेंडे में शामिल सभी 64 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए शहर विकास के करोड़ों रुपये के कार्यों को हरी झंडी दी। प्रस्तावों के अनुमोदन से शहर में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना है।
बैठक में पीआईसी सदस्य वंदना खंडेलवाल, दारासिंह यादव, धर्मेश पुरोहित, नीरज अहीर, कुसुम अशोक जोशी, मनोहर मोटवानी, छाया जायसवाल सहित कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा एवं नगर पालिका के इंजीनियर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ब्रह्माकुमारी आश्रम के सामने चौराहे के सौंदर्यीकरण, शास्त्री नगर में बगीचा विकसित करने, विभिन्न स्थानों पर डेकोरेशन लाइट लगाने, विभिन्न वार्डों में सड़कों के चौड़ीकरण, डामरीकरण, सीसी रोड निर्माण, नाला निर्माण, शौचालय निर्माण, पेवर ब्लॉक लगाने तथा हाई मास्क एवं ऑक्टागोनल पोल लगाने सहित अनेक विकास कार्यों के प्रस्ताव शामिल थे। इसके अतिरिक्त नगर पालिका कर्मचारियों से संबंधित प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।