नीमच। प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने गुरुवार को नीमच जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
मंत्री शुक्ला ने परियोजना अधिकारियों के साथ बैठक कर पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यों की वर्तमान स्थिति, आगामी योजना एवं परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में अक्षय एवं हरित ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। मंत्री ने निर्देश दिए कि परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए तथा सभी पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम किरण आंजना, जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी राजेंद्र गोयल, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग (RUMSL) के अनिश कंसाना एवं पंकज तिवारी, अक्षय ऊर्जा विभाग के राठौर, लोक निर्माण, राजस्व एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा ग्रीनको परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम खिमला में निर्माणाधीन ग्रीनको पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण ऊर्जा परियोजनाओं में शामिल है, जो भविष्य में प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम योगदान देगा।