प्रतापगढ़। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के समापन अवसर पर शुक्रवार को छोटी सादड़ी स्थित बारा की बावड़ी नर्सरी में समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक निम्बाहेड़ा एवं पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी रहे। इस अवसर पर समाजसेवी महावीर कृष्णावत, जिला कलक्टर शुभम चौधरी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्वत सिंह चुंडावत, उप वन संरक्षक सुरेश कुमार अग्रवाल, आरएफएस विक्रम सिंह राठौड़ एवं वाटरशेड विभाग के हेमंत वार्ष्णेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीचंद कृपलानी, जिला कलक्टर शुभम चौधरी एवं अन्य अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान कर बावड़ी की साफ-सफाई की तथा जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वन विभाग के रेस्क्यू कार्यों एवं बीज संकलन गतिविधियों में सहयोग प्रदान करने वाले 17 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों एवं वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में बेहतर सहयोग एवं योगदान देने वाले भामाशाहों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनों को कपड़े के थैले एवं पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण का संबंध मानव स्वास्थ्य, विशेषकर महिलाओं के स्वास्थ्य से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने वंदे गंगा अभियान एवं पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास बड़े परिणाम लेकर आते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के नाम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि हर घर के प्रयासों से छोटी सादड़ी हरियाली से आच्छादित होगी, और यदि छोटी सादड़ी हरियाली होगी तो जिला हरा-भरा होगा तथा पूरा प्रदेश भी हरियाली से आच्छादित होगा।
समाजसेवी महावीर कृष्णावत ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान पर्यावरण एवं जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। अभियान के दौरान जिलेभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को जल संरक्षण का महत्व समझाया गया तथा जल बचाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने कहा कि जल एवं पर्यावरण मानव जीवन के आधार हैं। इनके बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए अनेक गतिविधियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया।
कार्यक्रम में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी गई तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की गई।