माउंट आबू। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा आयोजित 66वें केंद्रीय खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को माउंट आबू स्थित बरकतुल्लाह खान स्टेडियम पोलो ग्राउंड में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिरोही-जालोर सांसद लुंबाराम चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।
21 दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए करीब 400 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों एवं अनुभवी खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभागियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि माउंट आबू केवल एक प्रमुख पर्यटन एवं तीर्थ स्थल ही नहीं, बल्कि राजस्थान के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने वाला महत्वपूर्ण प्रशिक्षण केंद्र भी है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अनेक खिलाड़ियों ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और क्रीड़ा परिषद खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में सिरोही जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी, माउंट आबू की उप जिला कलेक्टर एवं नगर पालिका प्रशासक डॉ. अंशु प्रिया, भाजपा नेता सुनील आचार्य तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय खिलाड़ियों ने व्यायाम एवं खेल कौशल का आकर्षक प्रदर्शन किया, वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। आयोजन में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर आगामी 21 दिनों तक चलेगा, जिसमें खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विधाओं में उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।