नीमच। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत जिलेभर में 501 पौधों का रोपण किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अंकिता पंड्या ने बताया कि कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, माताओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाली बालिकाओं एवं उनकी माताओं का तिलक लगाकर सम्मान किया गया तथा माताओं और बच्चों ने मिलकर फलदार एवं औषधीय पौधे रोपे।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों ने बेटियों को समान अवसर देने, उन्हें शिक्षित एवं सशक्त बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण का संदेश देते हुए माताओं एवं बच्चों को हरित, सुरक्षित और शिक्षित भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।