देवास। जिले के हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुनासा स्थित प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्व कल्याण की भावना से सात दिवसीय श्री शिव शक्ति महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्रवासियों की श्रद्धा और समर्पण का जीवंत उदाहरण भी बन चुका है।
आयोजकों के अनुसार, पिछले 19 वर्षों से निरंतर इस महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी आस्था का प्रतीक है मंदिर में प्रज्वलित अखंड ज्योति, जो वर्षों से भक्तों की श्रद्धा को रोशन कर रही है। पहले यह आयोजन छोटे स्तर पर होता था, लेकिन समय के साथ भक्तों की आस्था बढ़ती गई और आज यह महायज्ञ विशाल रूप ले चुका है।
महायज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य पंडित चंद्रशेखर जोशी के सानिध्य में विधि-विधान से संपन्न हो रहा है। इस पावन अवसर पर पूरे सात दिनों तक भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, वहीं रात्रि में देवनारायण भगवान की कथा, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर रहा है।
खेड़ापति हनुमान मंदिर की मान्यता दूर-दूर तक फैली हुई है। यहां आने वाले श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर पुनः दर्शन करने पहुंचते हैं। इस महायज्ञ के माध्यम से न केवल धार्मिक परंपराएं जीवित हैं, बल्कि समाज में एकता, सेवा और समर्पण की भावना भी मजबूत हो रही है।
अंत में श्रद्धालुओं द्वारा तुला दान भी किया जाता है, वहीं ऐसी मान्यता है कि खेड़ापति हनुमान जी के दर्शन मात्र से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से भी राहत मिलने का विश्वास भक्तों में गहराई से जुड़ा हुआ है।