नीमच। जिले के ग्राम डूंगलावदा स्थित एक कृषि गोदाम एवं उपज से भरे वाहनों से लगातार चोरी होने का मामला सामने आया है। कृषि उपज मंडी से जुड़े व्यापारी सचिन माहेश्वरी ने पुलिस को आवेदन देकर कुछ लोगों पर माल चोरी करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी कृषि व्यापारी सचिन माहेश्वरी का डूंगलावदा क्षेत्र में कृषि जिंस भंडारण का गोदाम है। व्यापारी का आरोप है कि पूर्व में भी गोदाम और वाहनों से सोयाबीन सहित अन्य कृषि उपज चोरी हो चुकी है। हाल ही में दोबारा संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर उन्होंने कुछ लोगों पर चोरी में संलिप्त होने की आशंका जताई है।
व्यापारी द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया कि उनके ड्राइवर विक्रय नायक ने कुछ लोगों को वाहन से कट्टे उतारते हुए देखा था। वहीं 1 मई 2026 को वाहन से छह कट्टे उतारने की घटना सामने आई, जिसमें आरोपी कथित रूप से तीन कट्टे मौके पर छोड़कर फरार हो गए, जबकि तीन कट्टे चोरी कर ले जाने का आरोप है।
व्यापारी का कहना है कि जब उन्होंने आरोपियों से इस संबंध में बातचीत की तो उन्हें और उनके कर्मचारियों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। आवेदन में गोदाम को नुकसान पहुंचाने की आशंका भी जताई गई है।
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस से चोरी गए माल की बरामदगी, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा स्वयं एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।