खरगोन। जिले में शादी की रस्म के दौरान हल्दी लगाने के बाद दुल्हन की मौत का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन ने खरगोन और कसरावद क्षेत्र की दुकानों से हल्दी के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित लैब भेजे हैं।
जानकारी के अनुसार कसरावद निवासी दुल्हन राखी की 22 अप्रैल को हल्दी की रस्म हुई थी, जबकि उसकी शादी 26 अप्रैल को होना तय थी। परिजनों के मुताबिक हल्दी लगाते ही दुल्हन के शरीर में रिएक्शन शुरू हो गया था। हाइपर सेंसिटिविटी के चलते शरीर पर लाल दाने निकल आए और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
दुल्हन को इलाज के लिए पहले इंदौर ले जाया गया, जहां एमवाय अस्पताल सहित एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चला, लेकिन इलाज के दौरान करीब 15 दिन पहले उसकी मौत हो गई।
इस मामले में सीएचएमओ डॉ. डीएस चौहान ने बताया कि दुल्हन के साथ परिवार के करीब 15 अन्य लोगों ने भी वही हल्दी लगाई थी, लेकिन रिएक्शन केवल दुल्हन के शरीर में हुआ।
वहीं फूड सेफ्टी अधिकारी एचएल अवास्या ने कहा कि बाजार से हल्दी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।