गरोठ/शामगढ़। कोटा मंडल रेल प्रशासन ने शामगढ़ में पदस्थ वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) संतोष बौरासी को सेवा से बर्खास्त (रिमूव फ्रॉम सर्विस) कर दिया है। बताया जा रहा है कि रेल पटरी में खामी का समय पर पता नहीं लगाने के कारण यह कार्रवाई की गई।
यूएसएफडी मशीन से कर रहे थे पटरियों की जांच-
जानकारी के अनुसार संतोष बौरासी की ड्यूटी यूएसएफडी (अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन) मशीन के माध्यम से रेल पटरियों की जांच करने में लगी हुई थी। जांच के दौरान वे पटरी में मौजूद तकनीकी खामी पकड़ने में असफल रहे।
कुछ दिनों बाद टूटी रेल पटरी, टला बड़ा हादसा-
बताया जा रहा है कि जांच के कुछ दिनों बाद संबंधित रेल पटरी टूट गई। हालांकि समय रहते टूटी पटरी का पता चल जाने से बड़ा रेल हादसा टल गया।
मामला रेलवे बोर्ड तक पहुंचा-
घटना के बाद मामला कोटा मंडल रेल प्रशासन से लेकर जबलपुर मुख्यालय और रेलवे बोर्ड तक पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित की गई।
जांच रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई-
जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर रेल प्रशासन ने संतोष बौरासी को रेल सेवा से हटाने का निर्णय लिया।