चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना पुलिस एवं डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में बोरदा गांव स्थित एक खेत पर बनी कच्ची टपरी से तस्करों को सप्लाई के लिए छिपाकर रखा 36 किलो 910 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी गंगरार उदयसिंह चुंडावत के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापति के नेतृत्व में गंगरार थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से बोरदा गांव के खेतों की ओर जाने वाले मार्ग के समीप स्थित एक खेत पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी देवीलाल माली द्वारा काले तिरपाल से बनाई गई कच्ची टपरी में दो प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ कुल 36 किलो 910 ग्राम (बारदाना सहित) अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसे तस्करों को सप्लाई किए जाने के लिए छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पूर्व आरोपी देवीलाल माली फरार हो गया। पुलिस ने अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में हैड कांस्टेबल युवराज सिंह, कांस्टेबल सुनील, बाबूलाल, चालक हैड कांस्टेबल देवकिशन तथा डीएसटी के हैड कांस्टेबल प्रमोद कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।