उज्जैन। देवास जिले की तहसील टोंकखुर्द के ग्राम टोंककलां में स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की दुखद दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस दुर्घटना में तीन श्रमिकों की मृत्यु हो गई है तथा 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने इस मामले की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच के लिए दो सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है, जो सात दिनों में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
मजिस्ट्रियल जांच हेतु अतेंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर, जिला उज्जैन तथा नमिता तिवारी, संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, इंदौर (म.प्र.) को नियुक्त किया गया है।
जांच दल निम्न बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगा- अग्नि दुर्घटना एवं विस्फोट के संभावित कारण, Explosives Rules के विभिन्न प्रावधानों के पालन की स्थिति, National Building Code 2016 के प्रावधानों के अनुपालन की स्थिति, घटना स्थल एवं जिले में अन्य जारी अनुज्ञप्तियों की स्थिति, दुर्घटनास्थल पर जारी लाइसेंसों की वास्तविक स्थिति तथा अन्य विभागों की भूमिका। जांच अधिकारी एक सप्ताह के भीतर संपूर्ण जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन अधोहस्ताक्षरकर्ता को प्रस्तुत करेंगे।