देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को देवास पहुंचे और अमलतास अस्पताल जाकर टौंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहले इंदौर में भर्ती घायलों से मिल चुके हैं और अब देवास आकर भी स्थिति का जायजा लिया है।
ब्लास्ट मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि जिस व्यक्ति के पास फैक्ट्री का लाइसेंस था, उसके खिलाफ NSA के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को इस तरह की दुखद घटनाओं पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। सरकार दोषियों को किसी भी हालत में बख्शेगी नहीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार हर घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करती है। गंभीर घायलों के बेहतर इलाज के लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं, वहीं मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस दौरान सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।