छतरपुर। जिले के राजनगर थाना अंतर्गत पिपट गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। मृतक देवीदीन कुशवाहा ने फांसी लगाने से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर अपना दर्द बयां किया था। तीन दिन पूर्व फांसी के प्रयास के बाद उसे गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया था, जहाँ शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजन शव को पिकअप वाहन में लेकर राजनगर थाने पहुंचे और पुलिस पर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई न करने के आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने थाने के सामने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। तनाव बढ़ता देख थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया,पुलिस मामले की जाँच में जुटी।