नीमच। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पदभार ग्रहण करने के बाद गुरुवार देर शाम शहर की कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस बल के साथ बस स्टैंड से विजय टॉकीज चौराहे तक लगभग 3.5 किलोमीटर का पैदल भ्रमण किया। यह पदभार संभालने के बाद उनकी पहली बड़ी फील्ड कार्रवाई रही।
एसपी व्यास का यह पैदल मार्च मूलचंद मार्ग, खारी कुआं, सत्यनारायण मंदिर, घंटाघर, नया बाजार, बारादरी एवं कमल चौक सहित प्रमुख संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। लगभग एक घंटे चले इस भ्रमण के दौरान उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान सीएसपी किरण चौहान, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान, बघाना थाना प्रभारी आरसी डांगी सहित लगभग 30 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस वाहनों का काफिला भी साथ चलता रहा।
एसपी व्यास आगामी दिनों में नीमच सिटी एवं बघाना क्षेत्रों का भी पैदल भ्रमण करेंगे तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा जारी रखेंगे।