राजपुर। नगर में पेट्रोल-डीजल की संभावित बढ़ोतरी की चर्चाओं के बीच जुलवाना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं को ईंधन नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। भारतीय किसान संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष मंसाराम पंचोले ने आरोप लगाते हुए कहा कि पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद आम लोगों को पेट्रोल और डीजल का वितरण नहीं किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंप राजपुर नगर से लगभग दो से ढाई किलोमीटर दूर स्थित है, जहां बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बिना ईंधन दिए वापस लौटाया जा रहा था। मामले की शिकायत खाद्य विभाग के अधिकारी को किए जाने के बाद कुछ समय के लिए पेट्रोल का वितरण शुरू किया गया, लेकिन बाद में फिर पंप बंद कर दिया गया।
मंसाराम पंचोले का कहना है कि इस स्थिति के कारण महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज से आए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात तक स्टॉक होने के बावजूद पेट्रोल वितरण बंद रखना गंभीर लापरवाही है और इसकी जांच की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।