पोलायकलां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भूदेव महेता, बीएमओ महेन्द्र परमार एवं संस्था प्रभारी डॉ. उमर फारूक शाह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य ने अस्पताल स्टाफ को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएमओ महेन्द्र परमार को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, समय पर उपचार उपलब्ध कराने एवं टीकाकरण कार्य में गति लाने पर भी विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के देवेन्द्र पालीवाल गोविन्द कलमोदिया के साथ नर्स व स्टाफ उपस्थित रहा।