चितौड़गढ़। चितौड़गढ़ अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की चितौड़गढ़ शाखा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर शाखा परिसर में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राहकों का सम्मान किया गया तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया गया।
मुख्य अतिथि उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां चितौड़गढ़ संजय शर्मा ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ही स्थानीय विकास को गति मिल सकती है। उन्होंने बैंक की व्यावसायिक प्रगति, कार्यकुशलता और प्रबंधन की सराहना करते हुए निरंतर विकास की शुभकामनाएं दीं।
बैंक की प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी ने 26वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया एवं संचालन मंडल के निर्देशन में बैंक लगातार विकास पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का है और ग्राहकों की संतुष्टि ही बैंक का प्रमुख ध्येय है। बैंक द्वारा सदस्यों और ग्राहकों को तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महाप्रबंधक दिनेश खंडेलवाल ने ग्राहकों से शाखा को आदर्श शाखा बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या या असुविधा पर ग्राहक सीधे बैंक प्रबंधन से संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर उप रजिस्ट्रार संजय शर्मा, प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी एवं निदेशक मंडल के सदस्यों ने पिछले 25 वर्षों से सेवाएं दे रहे प्रबंधक अजय सिंह राठौड़ का उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया। साथ ही बैंक स्टाफ का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बैंक की आमसभा एवं रजत जयंती महोत्सव 23 मई 2026 को इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।
समारोह में बड़ी संख्या में ग्राहक एवं बैंक स्टाफ उपस्थित रहे। ग्राहकों ने बैंक की सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के सुझाव भी दिए। स्थापना दिवस के अवसर पर शाखा परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार महाप्रबंधक (प्रशासन) जे.पी. जोशी ने व्यक्त किया।