भोपाल। मध्यप्रदेश में 5420 प्रशिक्षु पटवारियों को अब सेवा में स्थायी होने और वेतन-भत्तों में वृद्धि का लाभ पाने के लिए ऑनलाइन विभागीय परीक्षा देना अनिवार्य होगा। इस संबंध में मध्यप्रदेश भू-संसाधन प्रबंधन विभाग ने सभी कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
मध्यप्रदेश भू-संसाधन प्रबंधन विभाग के अनुसार पटवारियों की ऑनलाइन विभागीय परीक्षा जल्द आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तारीख एमपी ऑनलाइन द्वारा तय किए जाने के बाद जिलों को अलग से सूचित किया जाएगा।
2024 में टाल दी गई थी
विभाग ने बताया कि वर्ष 2024 में यह परीक्षा 15 दिसंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन कुछ कारणों से आयोजित नहीं हो सकी थी। उस समय परीक्षा में शामिल होने वाले प्रशिक्षु पटवारियों की संख्या 4786 थी, जबकि अब नई सूची तैयार होने के बाद यह संख्या बढ़कर 5420 हो गई है।
विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि तैयार की गई सूची में यदि किसी प्रकार का संशोधन, विलोपन या नया नाम जोड़ना हो तो उसकी जानकारी विभाग को भेजी जाए। नए नाम जोड़ने के लिए कर्मचारी कोड और रोल नंबर जैसी जानकारी देना अनिवार्य रहेगा।
बदलाव की जानकारी भेजेंगे कलेक्टर
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जिला कार्यालय पूरी सूची दोबारा नहीं भेजेंगे। केवल उन्हीं पटवारियों की जानकारी भेजी जाएगी जिनमें संशोधन या परिवर्तन किया जाना है। यदि किसी पटवारी का पदस्थापना जिला बदला गया है तो उसकी जानकारी भी देना अनिवार्य होगा।
विभाग ने सभी जिलों को संशोधित सूची 30 मई 2026 तक विभागीय ईमेल पर भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा में शामिल होने वाले पटवारियों को परीक्षा की तैयारी, पाठ्यक्रम और प्रश्नपत्र योजना की जानकारी दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।