नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश के निर्देशानुसार गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुकड़ेश्वर एवं रामपुरा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मनासा-रामपुरा रोड स्थित मैसर्स श्री साईं कृपा नमकीन, कुकड़ेश्वर में अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना वैध खाद्य पंजीयन के नमकीन का निर्माण, पैकिंग, भंडारण एवं विक्रय किया जाना पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि पैक किए गए नमकीन के पैकेटों पर पैकिंग दिनांक, बैच नंबर एवं लाइसेंस नंबर जैसी आवश्यक जानकारी अंकित नहीं थी।
टीम ने पाया कि लेबल पर निर्माता का पता जूनी भदाना, तहसील मनासा अंकित था, जबकि निर्माण कार्य कुकड़ेश्वर में संचालित किया जा रहा था। इस पर खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को शटडाउन करवाकर क्रय-विक्रय बंद कराया।
कार्रवाई के दौरान बजरंग नमकीन स्पेशल सेव, श्रद्धा रतलामी सेव, श्री साईं कृपा नमकीन खट्टा-मीठा मिक्सचर, रतलाम सेव बारीक, पामोलिन ऑयल, अजवाइन, काली मिर्च, लौंग, मिर्च पाउडर, बेसन एवं मटर आटा सहित कुल 11 नमूने जांच हेतु लिए गए। मौके से 1385 किलोग्राम नमकीन जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार 600 रुपये बताई गई है।
संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है। प्रकरण अपर कलेक्टर नीमच न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त रामपुरा स्थित सांवलिया दुग्ध डेयरी का भी निरीक्षण किया गया, जहां से पनीर, मिश्रित दूध, दही एवं घी के कुल 4 नमूने जांच हेतु लिए गए।
यह कार्रवाई नायब तहसीलदार कुकड़ेश्वर नवीन छत्रोले एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा की टीम द्वारा की गई।