नीमच। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव को लेकर देशभर में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर लोगों में पहले से ही आशंका का माहौल बना हुआ है। ऐसे संवेदनशील समय में नीमच शहर के हृदय स्थल फव्वारा चौक पर स्थित दोनों प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने से शुक्रवार को शहरभर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। दिनभर बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल भरवाने पहुंचे, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
पेट्रोल संकट खड़ा होने से बढ़ी आमजन की चिंता-
शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहे पर पेट्रोल संकट खड़ा होने से आमजन की चिंता और बढ़ गई है। कई वाहन चालक इसे संभावित ईंधन संकट से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि लोग सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।
एक पंप पर पेट्रोल खत्म, दूसरे पर तकनीकी खराबी-
जानकारी के अनुसार फव्वारा चौक स्थित अब्दुल रसूल एंड कंपनी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो गया। वहीं शहर के पुराने पेट्रोल पंप पर तकनीकी समस्या के कारण पेट्रोल वितरण बंद रहा। पंप संचालकों के अनुसार बिजली मीटर खराब होने के चलते मशीनें चालू नहीं हो सकीं, जबकि पंप पर पेट्रोल उपलब्ध था। दोनों पंपों के बंद होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने वाहनों को धक्का लगाकर शहर के दूसरे इलाकों में स्थित पेट्रोल पंपों तक पहुंचते नजर आए।
अंतरराष्ट्रीय तनाव से बढ़ी लोगों की चिंता-
ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच जारी तनाव और वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच स्थानीय स्तर पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने से लोगों में चिंता और बढ़ गई है। कई नागरिकों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात और बिगड़ते हैं तो ईंधन संकट गहरा सकता है। हालांकि प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से किसी बड़े संकट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर अचानक सप्लाई बाधित होने से लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
दैनिक जीवन प्रभावित, प्रशासन से मांग-
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि शहर के केंद्रीय क्षेत्र में पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, छात्र और वाहन चालक घंटों पेट्रोल की तलाश में भटकते रहे। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द तकनीकी समस्याओं का समाधान कर पेट्रोल आपूर्ति सुचारू कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट की स्थिति न बने।