खरगोन। जिला अस्पताल परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल में लगी बिजली की डीपी में अचानक भीषण आग भड़क उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद डीपी आग के गोले में तब्दील हो गई।
देखते ही देखते आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक उठने लगीं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीज, उनके परिजन और अस्पताल स्टाफ घबराकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी और बिजली के अत्यधिक लोड के कारण डीपी में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और बिजली सिस्टम को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।