खरगोन। जिले के मंडलेश्वर-महू जामगेट रोड स्थित सोमखेड़ी के पलाश फ्यूल पंप पर देर रात दबंगई और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यूपी नंबर की काली स्कॉर्पियो में सवार तीन युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट की और एक कर्मचारी को कार से कुचलने का प्रयास कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के सोमखेड़ी स्थित पलाश फ्यूल पंप पर स्कॉर्पियो सवार युवक डीजल भरवाने पहुंचे थे। उस समय पंप पर डीजल खत्म हो चुका था। सेल्समेन द्वारा डीजल नहीं होने की बात कहने पर आरोपी भड़क गए।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो चालक ने पहले सेल्समेन को अपने पास बुलाया और थप्पड़ मारते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद गाड़ी से उतरे दूसरे युवक ने भी कर्मचारी के साथ हाथापाई की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों की दबंगई यहीं नहीं रुकी। मारपीट के बाद उन्होंने स्कॉर्पियो से पंप कर्मचारी को कुचलने का प्रयास किया। कर्मचारी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पंप कर्मचारियों ने तत्काल संचालक को सूचना दी, जिसके बाद संचालक मंडलेश्वर थाने पहुंचे। काफी देर इंतजार के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस फरार स्कॉर्पियो सवार युवकों की तलाश में जुटी हुई है।